वेगनर के महाद्वीपीय बहाव के विचार को क्यों खारिज कर दिया गया था? - veganar ke mahaadveepeey bahaav ke vichaar ko kyon khaarij kar diya gaya tha?

उत्तर :

हल करने का दृष्टिकोण

  • प्रभावी भूमिका में वेगनर के महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत की रूप-रेखा प्रस्तुत करें।
  • तार्किक तथा संतुलित विषय-वस्तु में सिद्धांत का तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत करें। प्रश्नानुसार संक्षिप्त एवं सारगर्भित निष्कर्ष लिखें।
  • प्रश्नानुसार संक्षिप्त एवं सारगर्भित निष्कर्ष लिखें।

प्रो. अल्फ्रेड वेगनर जर्मनी के एक प्रसिद्ध जलवायुवेत्ता तथा भूगर्भशास्त्री थे। प्राचीनकाल में जलवायु संबंधी परिवर्तनों को स्पष्ट करने के लिये उन्होंने विश्व के समस्त महाद्वीपों का गहन अध्ययन किया। इस अध्ययन में उन्होंने महाद्वीपों के बीच आश्चर्यजनक समानता देखी, अतः महासागरों की तली तथा महाद्वीपों की स्थिरता की प्रचलित संकल्पना को गलत साबित  करने के लिये वेगनर ने महाद्वीपीय विस्थापन परिकल्पना का प्रतिपादन किया।

वेगनर का मानना था कि कार्बनिफेरस युग में समस्त स्थल भाग आपस में एक पिंड के रूप में  संलग्न थे इस स्थल पिंड को पैंजिया नाम दिया गया। पैंजिया के चारों ओर एक विशाल जल भाग था, जिसका नामकरण वेगनर ने पैंथालासा के रूप में किया। पैंजिया का उत्तरी भाग लारेशिया तथा दक्षिणी भाग गोण्डवानालैंड को प्रदर्शित करता था। आगे चलकर पैंजिया का विभंजन हो गया तथा स्थल भाग एक-दूसरे से अलग हो गए, यह विभाजन दो दिशाओं में प्रवाह के रूप में हुआ। उत्तर की ओर या भूमध्यरेखा की ओर प्रवाह गुरुत्व बल तथा प्लवनशीलता के बल द्वारा हुआ, जबकि पश्चिम की ओर प्रवाह सूर्य तथा चंद्रमा के ज्वारीय बल के कारण हुआ माना गया है। परिणामस्वरूप महासागरों तथा महाद्वीपों का वर्तमान स्वरूप प्राप्त हुआ।

वेगनर के अनुसार, अंध महासागर के दोनों तटों पर भौगोलिक एकरूपता पाई जाती है। दोनों तट एक-दूसरे से मिलाए जा सकते हैं। उत्तरी अमेरिका के पूर्वी तट को दक्षिण अफ्रीका के गिनी खाड़ी तट से मिलाया जा सकता है। वेगनर ने इसे ‘साम्य की स्थापना’ (zigsaw-Fit) का नाम दिया। भूगर्भिक प्रमाणों के आधार पर अंध महासागर के दोनों तटों के कैलिडोनियन तथा हर्सीनियन पर्वत क्रमों में समानता पाई जाती है। महासागर के दोनों तटों पर चट्टानों में पाए जाने वाले जीवावशेषों तथा वनस्पतियों के अवशेषों में भी पर्याप्त समानता पाई जाती है।

स्कैण्डिनेविया के उत्तरी भाग में पाए जाने वाले लेमिंग नामक छोटे-छोटे जंतुओं की अधिक संख्या हो जाने पर वे पश्चिम की ओर भागते हैं परंतु, आगे स्थल न मिलने पर सागर में जलमग्न हो जाते हैं, इससे प्रमाणित होता है कि अतीत में जब स्थल भाग आपस में मिले थे, तो ये जंतु पश्चिम की ओर जाया करते थे।इसके साथ ही, ग्लोसोप्टरिस वनस्पति का भारत, दक्षिण-अफ्रीका, फाकलैंड, ऑस्ट्रेलिया तथा अंटार्कटिका में पाया जाना भी यह प्रमाणित करता है कि कभी ये स्थल भाग आपस में संबद्ध थे।

यद्यपि वेगनर का प्रारंभिक उद्देश्य अतीत में हुए जलवायु संबंधी परिवर्तनों का ही समाधान करना था परंतु समस्याओं के क्रम में वृद्धि होने से सिद्धांत बढ़ता चला गया और वेगनर कई गलतियाँ कर बैठे, उनके सिद्धांत में कुछ दोष पाए जाते है जैसे- वेगनर द्वारा प्रयुक्त बल महाद्वीपों के प्रवाह के लिये सर्वथा अनुपयुक्त है। चंद्रमा तथा सूर्य के ज्वारीय बल से महाद्वीपों में पश्चिम दिशा की ओर प्रवाह तभी हो सकता है जब वह वर्तमान ज्वारीय बल से 90,000, 000,000 गुना अधिक हो, यदि इतना बल महाद्वीपों के प्रवाह के समय रहा होता तो पृथ्वी का परिभ्रमण एक ही वर्ष में बंद हो गया होता। इसी तरह गुरुत्व बल के कारण महाद्वीपों में प्रवाह नहीं हो सकता, बल्कि इसके प्रभाव से स्थल भाग आपस में मिल गए होते।

अंध महासागर के दोनों तट भी पूर्णतः नहीं मिलाये जा सकते। दोनों तटों की भूगर्भिक बनावट हर जगह मेल नहीं खाती है। वेगनर ने महाद्वीपों के प्रवाह की दिशा तथा तिथि पर भी पूर्ण प्रकाश नहीं डाला है कि कार्बनिफेरस युग से पहले पैंजिया किस बल पर स्थिर रहा था। 

अतः कहा जा सकता है कि उपर्युक्त विपक्षी परिणामों के होते हुए भी वेगनर का सिद्धांत भौगोलिक शोध के क्षेत्र में अपना अलग स्थान रखता है तथा आगे आने वाले शोधों को दिशा-निर्देश प्रदान करता है।

उत्तर :

उत्तर की रूपरेखा- 

  • महाद्वीपीय विस्थापन का संक्षिप्त परिचय दें।
  • महाद्वीपीय विस्थापन के पक्ष में तर्क प्रस्तुत करें।
  • महाद्वीपीय विस्थापन और प्लेट विवर्तनिकी में अंतर बताएँ।

महाद्वीपीय विस्थापन का सिद्धांत जर्मन वैज्ञानिक अल्फ्रेड वेगनर द्वारा दिया गया था। इसके अनुसार सभी महाद्वीप एक बड़े भूखंड से जुड़े हुए थे। यह भूखंड एक बड़े महासागर से घिरा हुआ था। इस बड़े महाद्वीप को पैंजिया और बड़े महासागर को पैंथालसा नाम दिया गया। 20 करोड़ वर्षों पहले पैंजिया विभाजित होकर लारेशिया और गोंडवाना लैंड नामक दो बड़े भूखंडों में विभक्त हुआ, और बाद में ये खंड विभक्त होकर आज के महाद्वीपों के रूप में परिवर्तित हो गए। 

महाद्वीपीय विस्थापन के पक्ष में तर्क

  • महाद्वीपों में साम्य- दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के आमने-सामने की तटरेखाएँ अद्भुत व त्रुटिरहित साम्य दिखाती हैं। 
  • महासागरों के पार चट्टानों की आयु में समानता- 200 करोड़ वर्ष प्राचीन शैल समूहों की एक पट्टी ब्राज़ील तट और पश्चिमी अफ्रीका के तट पर मिलती है, जो आपस में मेल खाती है। 
  • भारत में पाए जाने वाले गोंडवाना श्रेणी के तलछटों के प्रतिरूप दक्षिणी गोलार्द्ध के छः विभिन्न स्थलखण्डों में मिलते हैं। इसी क्रम के प्रतिरूप अफ्रीका, फॉकलैंड द्वीप, मैडागास्कर, अंटार्कटिक और ऑस्ट्रेलिया में मिलते हैं।
  • घाना तट पर सोने के बड़े निक्षेप तथा ब्राज़ील में भी सोनायुक्त शिराओं का पाया जाना आश्चर्यजनक तथ्य है। 
  • जीवाश्मों का वितरण- मेसोसारस नामक छोटे रेंगने वाले जीव केवल उथले खारे पानी में रह सकते थे। इनकी अस्थियाँ केवल दक्षिण अफ्रीका के दक्षिणी केप प्रांत और ब्राज़ील में इरावर शैल समूह में ही मिलते हैं। ये दोनों स्थान आज एक दूसरे से 4800 किमी दूर हैं। 

महाद्वीपीय विस्थापन और प्लेट-विवर्तनिकी सिद्धांत में अंतर-

  • महाद्वीपीय विस्थापन में सिर्फ महाद्वीपों का विस्थापन बताया गया है, जबकि प्लेट विवर्तनिकी में महाद्वीपों और महासागरों दोनों का संचरण बताया गया है।
  • महाद्वीपीय विस्थापन वलित पर्वतों के निर्माण का कारण SiMa और  SiAl के घर्षणात्मक संयोग के आधार पर बताता है, जबकि प्लेट विवर्तनिकी इसका कारण टेक्टोनिक प्लेटों के अभिसरण को बताता है।
  • प्लेट विवर्तनिकी ज्वालामुखियों के निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी देता है, परंतु महाद्वीपीय विस्थापन से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिलती।